अषाढ़ पूर्णिमा पर पवित्र छड़ी मुबारक का भूमि पूजन
- फोटो : ANI
अनंतनाग के मट्टन में मंगलवार को आषाढ़ पूर्णिमा पर पवित्र छड़ी मुबारक का भूमि पूजन किया गया। दशनामी अखाड़ा श्रीनगर से गौरी शंकर मंदिर और मार्तंड मंदिर पहुची पवित्र छड़ी का मंहत दीपेंद्र गिरि ने साधुओं के साथ भूमि पूजन किया। इस अवसर पर महंत दीपेंद्र गिरि ने कहा, कश्मीरियों ने इस बार भी यात्रियों की मदद कर भाई चारे की मिसाल पेश की है।
कड़ी सुरक्षा के बीच पवित्र छड़ी के यहां पहुंचने पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने भव्य स्वागत किया। मट्टन में छड़ी को नहलाने के बाद पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर मट्टन के कश्मीरी पंडितों ने कहा कि यहां के लोगों ने हमेशा अमरनाथ यात्रा का पुरजोर स्वागत किया है। हमने यहां भाई चारे और देश को उपल्बधि के लिए प्रार्थना भी की।
एक अगस्त को रवाना होगी छड़ी मुबारक
साधु-संतों के साथ छड़ी मुबारक एक अगस्त को ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर और दो अगस्त को डाउन टाउन श्रीनगर स्थित हरि पर्वत पर शारिका भवानी मंदिर में पहुंचेगी। इसके अगले दिन तीन अगस्त को श्री आर्मेश्वर मंदिर दशनामी अखाड़ा श्रीनगर में रुकने के साथ पांच अगस्त को नाग पंचमी पर दशनामी अखाड़ा में छड़ी पूजन किया जाएगा।
छड़ी मुबारक 10 और 11 अगस्त को पहलगाम, 12 अगस्त को चंदनबाड़ी, 13 अगस्त को शेषनाग, 14 अगस्त को पंचतरणी पड़ाव पर पहुंचेगी। घाटी के विभिन्न मंदिरों के दर्शन के बाद साधु-संतों के साथ छड़ी मुबारक आखिर में रक्षाबंधन (श्रावण पूर्णिमा) पर 15 अगस्त को पवित्र गुफा में हिमलिंग के दर्शन करेगी।