जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दल जेके पीपुल्स मूवमेंट (जेकेपीएम) का वीरवार को आम आदमी पार्टी (आप) में विलय हो गया। इससे पहले जेकेपीएम नेताओं ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली में मुलाकात की। इस मौके पर आप के जम्मू-कश्मीर प्रभारी इमरान हुसैन भी मौजूद थे।
इमरान हुसैन ने कहा कि पूरे हिंदुस्तान में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा, परिवहन सहित अन्य क्षेत्रों के विकास को लेकर अरविंद केजरीवाल की तरफ देख रहे हैं। वहीं, जेकेपीएम के अध्यक्ष रहे डॉ. गुलाम मुस्तफा ने कहा कि उन्होंने आप सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर जम्मू कश्मीर में अपनी पार्टी बनाई थी।
जब आप जम्मू-कश्मीर में आई तो फैसला किया कि मिलकर काम करें। जम्मू-कश्मीर की बेहतरी के लिए एक होकर लड़ेंगे।बाद में पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए इमरान हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गवर्नेंस मॉडल से प्रभावित होकर लोग हर राज्य में आप से जुड़ रहे हैं।
कश्मीर के अंदर भी आज काफी लोग आप से जुड़ने जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के अंदर 2019 में जेकेपीएम बनी थी। इसके अध्यक्ष डॉ. गुलाम मुस्तफा, कोषाध्यक्ष मुदासिर गुल, महासचिव जावेद अहमद खान, मुख्य प्रवक्ता रियाज माजिद सहित अन्य पूरी पार्टी का विलय आप में करने जा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के अंदर इसका इस्तकबाल करता हूं। जेकेपीएण के अध्यक्ष रहे डॉ. गुलाम मुस्तफा ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि हमने देखा कि दिल्ली में एक बहुत अच्छी हुकुमत चलाई जा रही है। जम्मू कश्मीर की सियासत से तंग आकर सभी ईमानदार लोगों ने यह पार्टी बनाई।
इसके बाद यह पार्टी इन्हीं सिद्धांतों पर चलती रही। अब आप जम्मू कश्मीर में आई तो हमने सोता कि क्यों ना हम भी उनके साथ मिलकर काम करें। इसके बाद हमारी मुलाकात अरविंद केजरीवाल सहित अन्य नेताओं के साथ हुई। इनकी जो सोच थी वही हम लेकर निकले थे।
ऐसे में हम लोग अब अलग नहीं रहेंगे। इसके बाद आपके सामने यह ऐलान करना चाहते हैं कि हम लोग एक साथ मिलकर रियासत जम्मू कश्मीर की बेहतरी के लिए एक होकर लड़ेंगे। आज हम सीएम केजरीवाल की छत्रछाया में आगे बढ़ना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी में हमारी पूरी पार्टी शामिल हो रही है।