कठुआ पुलिस ड्रोन के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेश के तहत अनुमति आदि को लेकर भी जांच भी कर रही है। उधर, जम्मू जिले के बिश्नाह के गांव बंदराली में रविवार रात को खेत में ड्रोन मिला था।
कठुआ के हटली गांव के नजदीक कलसपुर इलाके के खेतों में लावारिस ड्रोन मिला। सोमवार शाम को इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने ड्रोन को अच्छे से खंगाला इसके बाद उसे जब्त कर लिया गया।
विज्ञापन
प्राथमिक तौर पर इलाके में मिले ड्रोन आम तौर पर शादी या अन्य समारोहों में वीडियो शूट के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। पुलिस मामले में अच्छे से तस्दीक करना चाहती है कि कहीं किसी संस्थान की रेकी के लिए इस्तेमाल न किया गया हो।
बाकायदा पुलिस ड्रोन के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेश के तहत अनुमति आदि को लेकर भी जांच भी कर रही है। उधर, जम्मू जिले के बिश्नाह के गांव बंदराली में रविवार रात को खेत में ड्रोन मिला।
विज्ञापन
गांव के युवक ने करीब रात नौ बजे आसमान में ड्रोन जैसी वस्तु को गिरते देखा। उसने गांव के पंच सुरेश कुमार को इसकी जानकारी दी। पंच ने पुलिस चौकी इंचार्ज से संपर्क किया। इसके बाद चौकी इंचार्ज सुरिंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे।
उन्होंने देखा कि खेत में एक ड्रोन उल्टा पड़ा होने के कारण उड़ नहीं पा रहा है। उन्होंने थाना प्रभारी विक्रम शर्मा को इसकी सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ड्रोन को कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि पास के गांव कादरे चक के पूजा पैलेस में शादी समारोह चल रहा था।
जिसमें फोटोग्राफर द्वारा ड्रोन उड़ाया जा रहा था। ड्रोन अनियंत्रित होकर दूर खेत में जा गिरा। पैलेस के मालिक मुकेश शर्मा ने बताया कि ड्रोन की तलाश करने के लिए फोटोग्राफर ने आसपास में तलाश की, लेकिन ड्रोन नहीं मिलने पर जब पुलिस में जानकारी दी तो उन्हें पता चला कि ड्रोन पुलिस के पास है।
खेतों से मिला ड्रोन शादी समारोह में उड़ाया गया था, वह एक फोटोग्राफर का था। ड्रोन को लेकर सीज़ करने कर मामला दर्ज किया गया है। ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होने पर कार्रवाई की जा रही है। -विक्रम शर्मा, थाना प्रभारी