जम्मू। मंदिरों के शहर में बुजुर्गों को विभिन्न सामुदायिक भवन और पार्क जैसे स्थलों पर फील गुड कराया जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में ओल्ड एज क्लब और पुस्तकालय बनाए जाएंगे। इसके लिए नौ जगहों का चयन किया गया है। नए साल में इनका काम शुरू होगा। इसके लिए 1.93 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इन क्लबों में बुजुर्गों और बच्चों को आरामदायक सुविधाएं दी जाएंगी। सर्दी में रूम हीटर, गर्र्मी में एयर कंडीशन हॉल, रेफ्रिजेरटर, नाश्ते के लिए चाय की चुस्की और बैठने के लिए शानदार सौफे समेत कई सुविधाएं इन क्लबों में होंगी। यहां तक कि इनके साथ पुस्तकालय भी बनाए जाएंगे। यहां समाचार पत्र से लेकर कई किताबें होंगी, जिनका इस्तेमाल सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि विद्यार्थी भी कर सकेंगे। यूं कहा जाए कि नए साल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के बुजुर्ग और बच्चे स्मार्ट सुविधाओं का आनंद लेंगे।
----
इन क्लबों में फर्नीचर, एसी, चाय-नाश्ते और पुस्तकालय की व्यवस्था होगी, ताकि जब बुजुर्ग यहां पहुंचें तो वे अपने सुख-दुख को एक ऐसे माहौल में साझा करें, यहां उन्हें आराम मिले। सर्दी में गर्मी और गर्मी में ठंडे वातावरण में ये लोग रह सकें। अखबार और किताबों को पढ़ सके। गपशप लगाते हुए चाय भी मिले। ऐसी बहुत सी सुविधाएं इन क्लबों में होंगी। नए साल में इसका काम शुरू हो जाएगा। एक निजी कंपनी से क्लबों को तैयार करवाया जाएगा। इसके बाद संबंधित संगठन, सोसायटी, समुदाय आदि को सौंप दिया जाएगा, ताकि वे रखरखाव कर सकें।
- प्रवक्ता, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, जम्मू
----
इन जगहों पर बनाए जाएंगे क्लब
1. अटलजी पुस्तकालय, शांत नगर जानीपुर
2. बाबा कालिक नाथ सामुदायिक भवन
3. कामेश्वर मंदिर स्थित सामुदायिक भवन
4. लक्कड़ मंडी जानीपुर सामुुदायिक भवन
5. गुरु रविदास सभा कबीर कॉलोनी सामुदायिक भवन
6. सीआईसी इमारत भौर कैंप
7. जनाना पार्क, सचिवालय के नजदीक
8. नानक नगर सामुदायिक भवन सेक्टर-7
9. वार्ड कार्यालय रिक्रिएशनल सेंटर