चर्चा थी खूब कि आज उड़ेंगे गालिब के पुर्जे, देखने हम भी गए, लेकिन तमाशा नहीं हुआ...। कुछ ऐसा ही नजारा रविवार को श्रीनगर के बेमिना सरकारी डिग्री कालेज के बाहर था। कालेज के बाहर पत्रकारों और स्थानीय लोगों की भीड़ और बेसब्री से होने वाला इंतजार परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों को भी हैरान कर देने वाला था।
छात्र हैरान थे कि इतनी भीड़ पहले तो कभी नहीं देखी। कुछ ही देर में सबको पता चल गया कि भीड़ और बेसब्री बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस की पालीटेक्निक की परीक्षा देने आने वाली गाय को लेकर है। दो हफ्तों से चर्चा का केंद्र बनी भूरी गाय परीक्षा देने नहीं पहुंची।
सबको उम्मीद थी कि गाय के नाम एडमिट कार्ड हासिल करने वाले अब्दुल रशीद गाय को लेकर जरूर पहुंचेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बिना गाय के पहुंचे रशीद ने कहा कि वह परीक्षा का मजाक नहीं बनाना चाहते थे। उनका मकसद सिर्फ विभाग की अव्यवस्था को सामने लाना था।