जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बन तालाब जम्मू के ठाठर क्षेत्र के पटवारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पटवारी के लिए दलाली करने वाले एक एजेंट को भी दबोचा गया है। आरोपी पटवारी मुनीश सिंह चाढ़क और दलाल आसिफ चौधरी से पूछताछ चल रही है।
जानकारी के अनुसार एसीबी के पास शिकायत आई कि उसने पूजा कालोनी ठाठर में सात मरने जमीन ली थी। इसके लिए संबंधित विभाग के पास एक हजार रुपये जमीन की दाखिल खारिज (म्यूटेशन) करने के लिए जमा भी कराए। यहां तक कि पटवारी को इससे संबंधित सभी तरह के दस्तावेज दिए गए। बावजूद इसके म्यूटेशन करने के लिए पटवारी ने 4 हजार रुपये रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और शुक्रवार को आरोपी पटवारी को दबोच लिया। दोनों के घरों पर भी एसीबी की टीम ने छापेमारी की है और जांच के जरूरी सबूत जुटाए। इसे लेकर एफआईआर दर्ज की गई है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।