रियासी में पकड़ा गया आतंकी तालिब हुसैन कश्मीर की तरह जम्मू संभाग में टारगेट किलिंग के लिए हाइब्रिड आतंकियों का नेटवर्क खड़ा कर रहा था, जिसके निशाने पर संभाग के कई बड़े नेताओं से लेकर सरकारी कर्मी शामिल थे। वह टारगेट किलिंग के जरिए संभाग में न सिर्फ आतंकवाद को दोबारा जिंदा करना चाहता था, बल्कि माहौल भी खराब करना चाहता था। इसके लिए वह लगातार पाकिस्तान में बैठे लश्कर के हैंडलरों के संपर्क में था।
हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाके थे निशाने पर
सूत्रों का कहना है कि आतंकी तालिब के निशाने पर मुख्य रूप से डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, राजोरी जिले में हाईवे पर सैन्य काफिले थे। भीड़भाड़ वाले इलाकों में आईईडी से हमला करने के अलावा इन इलाकों में टारगेट किलिंग करना चाहता था।
बड़े नेटवर्क का होगा खुलासा
जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि तालिब के पकड़े जाने से जम्मू में स्टिकी बम से हमले करने की साजिश रचने वाले एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पता चलेगा। इससे पूछताछ में जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, राजोरी, किश्तवाड़ में बैठे ओजी वर्करों के एक बड़े नेटवर्क का पता चलेगा। इस मामले में जल्द ही बड़े स्तर पर दबिश दिए जाने की भी संभावना है।