जम्मू कश्मीर बैंक के चेयरमैन आरके छिब्बर
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू कश्मीर बैंक के चेयरमैन आरके छिब्बर शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पुंछ पहुंचे। उन्होंने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात करने के साथ ही जिले में बैंक के विस्तार पर विचार विमर्श किया। ताकि जिले में नई शाखाएं खोलते हुए बैंक के काम को बढ़ाया जा सके।
मीडिया से बात करते हुए छिब्बर ने कहा कि मेरा यहां आने का उद्देश्य कोई बड़ा उद्योग लगाने का नहीं है। अगर कोई लगाना चाहे तो हम उसके साथ हैं। वैसे हम वर्तमान में लघु उद्योग लगाने वालों को हर प्रकार से सहयोग देंगे। ताकि जिले के लोगों की सोशल इकोनॉमिक स्थिति में सुधार लाया जा सके। उनकी आमदनी बढ़ाई जा सके और बैंक का व्यापार भी बढ़ाया जा सके।
यह पूछे जाने पर कि आज बैंकों पर लोगों का जिस प्रकार से विश्वास उठ रहा है उसमें जम्मू कश्मीर बैंक का विश्वास बनाए रखने के लिए आप क्या कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि पीएमसी बैंक जोकि महाराष्ट्र का एक कोआपरेटिव बैंक है, उसकी कैपिटल मात्र एक लाख है जबकि जम्मू कश्मीर बैंक की 49 प्रतिशत कैपिटल जम्मू कश्मीर सरकार की है।
बैंक की जम्मू कश्मीर में 8 सौ से अधिक शाखाएं हैं और 120 से अधिक पूरे देश में हैं। इसलिए जम्मू-कश्मीर बैंक पूरी तरह सक्षम है। हमारे ग्राहकों को किसी प्रकार का संशय करने की जरूरत नहीं है।