जम्मू। अमरनाथ यात्रा, 2022 के लिए सोमवार से देशभर की 446 बैंक शाखाओं में अग्रिम यात्री पंजीकरण शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में 16 बैंक शाखाओं में छह पीएनबी और बाकी जेके बैंक में पंजीकरण हो रहा है। इसके लिए बाबा बर्फानी के भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले दिन सैकड़ों लोगों ने प्रदेश की बैंक शाखाओं में पहुंचकर पंजीकरण करवाया। प्रत्येक शाखा में कोटे के मुताबिक यात्रियों का दैनिक आधार पर पंजीकरण हो रहा है। इसके साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
इस बार बालटाल और पहलगाम से रोज दस-दस हजार यात्री पवित्र गुफा की ओर रवाना किए जाएंगे। अग्रिम यात्री पंजीकरण के लिए 120 रुपये लिए जा रहे हैं, जिसमें 2021 में कराए यात्री पंजीकरण (100 रुपये) के दस्तावेज दिखाने पर सिर्फ 20 रुपये ही लिए जा रहे हैं। 43 दिन की यात्रा 30 जून से 11 अगस्त तक चलेगी।