इलाज करवाने वाले लोग परेशान, मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों के आसपास ऐसे केंद्रों की भरमार
एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई के वसूले जाते हैं मनमाने रेट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के निजी निदान (डायग्नोसिस) केंद्रों पर अलग अलग दर्रों पर चिकित्सा सेवाओं के लिए मरीजों की जेब ढीली हो रही है। इन केंद्रों पर किन मानकों पर दरें लागू हैं, इसकी मजबूत निगरानी की जरूरत है।
सरकारी अस्पतालों के आसपास के इलाकों में ऐसे निदान केंद्रों की भरमार है। इनमें से कई केंद्रों पर चिकित्सा सेवाओं की दरों की सूची तक प्रकाशित नहीं है। अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई के लिए मेडिकल कॉलेजों में लंबी तिथि देने के बाद भी मरीजों का निजी निदान केंद्रों पर ऐसे परीक्षण करवाने के लिए पहुंचना मजबूरी है।
जीएमसी जम्मू और संबद्ध अस्पतालों की बात करें तो यहां भी अल्ट्रासाउंड के लिए एक से दो माह की तिथि दी जा रही है। इसी तरह सीटी स्कैन (आपात मामलों को छोड़कर) और एमआरआई के लिए भी कई महीनों की तिथि दी जा रही है। संभाग के दस जिलों में सरकारी स्तर पर कहीं भी एमआरआई की सुविधा शुरू नहीं हो पाई है, जिससे संभाग भर से सरकारी स्तर पर एमआरआई करवाने के लिए मरीज जीएमसी आ रहे हैं।
लेकिन, यहां भी पहले से ही मरीजों का भारी लोड रहने से उनका इंतजार और कई महीनों तक बढ़ जाता है। इसके बाद निजी डायग्नोसिस केंद्रों तक मरीजों के पहुंचने का खेल शुरू होता है। जिसके बाद ऐसे केंद्रों पर परीक्षण सुविधा तो मिल जाती है, लेकिन अलग-अलग दरें होने के कारण मरीजों को जेब ढीली करनी पड़ रही है।
जीएमसी जम्मू में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड के लिए 120 रुपये, सीटी स्कैन के लिए 900 से 1500 रुपये और एमआरआई परीक्षण के लिए 2500 (बिना दवाई के) का शुल्क लिया जा रहा है। जीएमसी जम्मू के आसपास के कुछ निदान केंद्रों का दौरा किया गया तो लगभग सभी की दरें अलग-अलग मिलीं।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू के पास की स्थिति एक निजी डायग्नोसिस केंद्र की दरें
सुविधा दाम (रुपये में)
एक्स-रे 300 (सामान्य)
अल्ट्रासाउंड 1200
सीटी स्कैन 2000
एमआरआई 6000
जीएमसी जम्मू के पास स्थित निदान केंद्र
सुविधा दाम (रुपये में)
एक्स-रे 350 से 3500 तक
कलर डाप्लर 300 से 6000 तक
सीटी स्कैन 2000 से 9000 तक
एमआरआई 6000 से 13000 तक
जीएमसी जम्मू के बख्शीनगर की तरफ स्थित निदान केंद्र
सुविधा दाम (रुपये में)
एक्सरे 300 से 4000 तक
अल्ट्रासोनोग्राफी 600 से 5000 तक
-
जीएमसी जम्मू के शकुंतला के पास निदान केंद्र
सुविधा दाम (रुपये में)
एक्स-रे 300 से
सीटी स्कैन 4000 से 4500 तक
नई दर्रों के लिए उच्च स्तरीय समिति ड्राफ्ट तैयार कर रही
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित एक उच्च स्तरीय समिति के सदस्य डा. संजीव डोगरा के अनुसार समिति की ओर से निदान केंद्रों पर एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एमआरआई आदि के लिए मानकों और आधुनिक उपकरणों के मुताबिक दरें तैयार की जा रही हैं। कोशिश है कि तय मानकों के तहत नई दरों को प्रदेश में जल्द लागू किया जाए। इसके बाद जम्मू-कश्मीर चिकित्सा परिषद द्वारा ऐसे निदान केंद्रों पर दरों पर अमल के लिए निगरानी की जाएगी।