प्ले वे स्कूल पौनी चक की दो सहेलियों ने कॉमर्स में टॉप कर रोशन किया क्षेत्र व माता-पिता का नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। जेके बोर्ड के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में प्ले वे स्कूल पौनी चक की आयना अम्बरदार (95.2 प्रतिशत) पुत्री अरुण अम्बरदार और रश्मा प्रधान (92.6 प्रतिशत) पुत्री चरण प्रधान ने कॉमर्स में टॉप कर माता-पिता और स्कूल का नाम रोशन किया है। दोनों ही सहेलियां हैं। आयना स्कूल मालिक और रशमा सेविका की बेटी हैं।
आयना अम्बरदार का कहना है कि स्कूल के टॉपर्स में शामिल होने की खास खुशी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और माता-पिता को दिया है। पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई की। आगे चलकर वह यूपीएससी पास कर अफसर बनना चाहती हैं।
-
श्रमिक की बेटी हैं रश्मा
प्ले वे स्कूल की दूसरी टॉपर बनी पौनी चक निवासी रश्मा प्रधान ने बताया कि अंक उम्मीदों के मुताबिक आए हैं। मेरे पिता मजदूरी का काम करते है और मां आयना के घर में सेविका हैं। स्कूल और दोस्त आयना से तैयारी में काफी मदद मिली। रश्मा प्रधान और आयना बचपन की दोस्त हैं। रश्मा आगे चलकर सीए बनना चाहती हैं।
-
वंश ने हासिल किए 93.8 फीसदी अंक
आर्ट्स में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले बॉयज हाई सेकेंडरी स्कूल अखनूर के छात्र वंश शर्मा पुत्र गणेश शर्मा निवासी राजपुरा मढ़ ने बताया कि वह वकील बनना चाहते हैं। इसके लिए वे दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए ऑनर्स करेगा। वंश के पिता पुलिस विभाग में बतौर एसपीओ हैं। वंश ने बिना किसी ट्यूशन के ही 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।