पूर्व मंत्री ताज मोहिउद्दीन का क्षतिग्रस्त मकान।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बेलीचराना इलाके के करनैले चक में सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाए गए पूर्व मंत्री मोहम्मद ताज मोहिउद्दीन व उनके रिश्तेदारों के घरों पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कानून एवं व्यवस्था के एडीसी श्यामवीर सिंह की देखरेख में रविवार को पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने सतवारी पुलिस थाने के अंतर्गत करनैले चक इलाके में सरकारी जमीन पर बने कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री मो. ताज मोहिउद्दीन के दो मकानों को जमींदोज कर दिया।
पूरी कार्रवाई सुबह साढ़े आठ से दोपहर पौने एक बजे तक चली
इसके अलावा उनके रिश्तेदारों के दो मकानों के साथ क्षेत्र में बने अन्य दो अवैध ढांचों को भी गिरा दिया। बताते हैं कि रामू गुज्जर की चाय स्टाल व शोपियां के एक व्यक्ति के मकान को गिराया गया। पूरी कार्रवाई सुबह साढ़े आठ से दोपहर पौने एक बजे तक चली। इस दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।
सिद्दड़ा, रांगूरा और मजीन में भी गिराए गए 17 अवैध ढांचे
उधर, वन विभाग पूर्वी सर्किल के कंजरवेटर बी मोहनदास की अगुवाई में टीम ने सिद्दड़ा, रांगूरा और मजीन में भी वन भूमि पर बनाए गए 17 पक्के ढांचों को गिराकर 12 कनाल भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया है। बी मोहनदास ने मुक्त कराई गई भूमि को बाजार भाव में करोड़ों की बताया है।
उनके अनुसार वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को जमीन खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। भविष्य में भी वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान जारी रहेगा।