पुंछ जिला अस्पताल में खोया पर्स मालिक के सौंपते कर्मचारी
- फोटो : संवाद
पुंछ के नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल की नर्स हसीना की ईमानदारी ने एक मिसाल कायम की है। अस्पताल में सोने के गहनों एवं नकदी से भरा एक पर्स हसीना को मिला, जिसे उसने महिला को लौटाया। गहनों से भरा बैग पाकर महिला और उसके पति ने अस्पताल प्रशासन एवं हसीना का धन्यवाद अदा करते हुए उसकी ईमानदारी को सलाम किया है।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने अस्पताल में आने वाले लोगों से आग्रह किया है कि वह कीमती सामान लेकर अस्पताल में न आएं। पुंछ जिले के गांव चंडक निवासी जमील अहमद अपनी पत्नी रिजवाना कौसर के साथ राजा सुखदेव सिंह अस्पताल में किसी रिश्तेदार के ऑपरेशन कराने के लिए आए थे।
इस दौरान रिजवाना का पर्स जिसमें करीब पौने दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और कुछ नकदी भी थी, कहीं खो गया। इस पर उन्होंने मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जुल्फकार अहमद से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पर्स गुम होने की बात कही।
उन्होंने अपने कार्यालय में लगे सीसी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। साथ ही अपने स्टाफ को भी पर्स को तलाशने को कहा। इसी दौरान अस्पताल की स्टाफ नर्स हसीना और उसके साथ ड्यूटी पर मौजूद एक नर्स मेडिकल सुपरिटेंडेंट कार्यालय पहुंची और उन्हें बताया कि किसी मरीज अथवा तीमारदार का यह पर्स मिला है।
हसीना ने ईमानदारी के साथ पर्स को मेडिकल सुपरिटेंडेंट के हवाले कर दिया। पीड़ित महिला से पर्स की पहचान करवाने के साथ ही उसे पूरे स्टाफ के सामने सुरक्षित लौटा दिया गया। जमील अहमद और रिजवाना कौसर ने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ नर्स हसीना का धन्यवाद किया।
साथ ही कहा कि स्टाप की ईमानदारी से हमारा दो लाख रुपये का नुकसान होने से बच गया। उधर राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने कहा कि अस्पताल में आने वालों से बार बार आग्रह करते हैं कि वह अस्पताल में कीमती सामान लेकर न आएं।