प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में कृष्णा नगर गुरुद्वारे से निकाली गई भव्य शोभायात्रा, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
60 से ज्यादा वाहन शामिल हुए, लंगर के साथ हुआ समापन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गुरु रविदास के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को शहर के कृष्णा नगर गुरुद्वारे से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें जम्मू संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान दिनभर मंदिरों का शहर गुरु रविदास के जयकारों से गूंजता रहा।
शोभा यात्रा ज्यूल चौक, सिटी चौक, रघुनाथ मंदिर, विवेकानंद चौक, प्रेम नगर, गुज्जर नगर से होते हुए बाहु फोर्ट स्थित रविदास गुरुद्वारा में पहुंच कर संपन्न हुई। इसमें श्रद्धालुओं ने गुरु की महिमा का गुणगान किया। शोभायात्रा में करीब 60 से ज्यादा वाहन शामिल हुए। इस मौके पर आल जेएंडके रविदास गुरुद्वारा सभा के समन्वयक आरसी वसीन, प्रो. चमन लाल, कुलदीप कुमार, तरसेम लाल आदि मौजूद रहे।
गुरुद्वारों में दोपहर बाद लंगर का आयोजन किया गया। वहीं, शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए कृष्णा नगर रोड पर स्थानीय लोगों की ओर से स्टाल लगाए गए थे। जहां पर फल, मिठाइयां और जूस वितरित किया गया। इसी तरह बाहु फोर्ट गुरुद्वारे में भी लंगर शाम को चला। सभा के समन्वयक आरसी वसीन ने गुरु रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
-
12 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा प्रकाशोत्सव
गुरु रविदास का प्रकाशोत्सव 12 को धूूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन गुरुद्वारा कृष्णा नगर में गुरुवाणी, कीर्तन, सत्संग, लंगर का आयेाजन होगा। बाहु फोर्ट गुरुद्वारे में शाम को केक काटा जाएगा और लंगर होगा।