बिरादरी की मेल में माैजूद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व अन्य। स्रोत : आयोजक
शिव मंदिर सुंजवां में धूमधाम से मनाई गई चाढ़क बिरादरी की मेल
हवन-यज्ञ के साथ हुआ सत्संग का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सुंजवां स्थित शिव मंदिर में रविवार को अखिल भारतीय चाढ़क बिरादरी की मेल धूमधाम से मनाई गई। अखिल बिरादरी महासभा की ओर से हुए धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिरादरी के लोगों ने हिस्सा लिया। साथ ही कुलदेवता के दरबार में नतमस्तक होकर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह के समय धार्मिक कार्यक्रम की शुरूआत हवन यज्ञ के साथ हुई, जिसमें बिरादरी के लोगों ने हिस्सा लेकर आहुतियां डालीं। मेल में सत्संग कर कुलदेवता की महिमा का गुणगान किया गया। इस दौरान ब्रह्मभोग (गुड़) प्रसाद वितरित किया गया।
महासभा के प्रधान राकेश सिंह ने बिरादरी के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि हर साल शिवरात्रि के बाद के रविवार को सुंजवां शिव मंदिर में मेल का आयोजन किया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर कुलदेवता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मेल के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल शर्मा, विधायक बिक्रम रंधावा, पुष्पिंदर सिंह चाढ़क, कुलबीर सिंह चाढ़क, नरेश सिंह जसरोटिया आदि उपस्थित रहे।