पर्यटन विभाग के कामकाज की समीक्षा करती आयुक्त सचिव यशा मुद़दगल: स्रोत सूचना विभाग
पर्यटन विभाग के कामकाज की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी की जाएं। यह निर्देश पर्यटन आयुक्त सचिव यशा मुदगल ने रविवार को सचिवालय में पर्यटन विभाग के मौजूदा वर्ष के कैपेक्स बजट की समीक्षा के दौरान दिए।
इस दौरान उन्होंने विभाग के कामकाज का ब्यौरा मांगा। विभाग कर चल रही परियोजनाओं के कार्यान्वयन, बुनियादी ढांचे में सुधार और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी ली। पर्यटकों के अनुभव को बढ़ाने के लिए परियोजनाओं के त्वरित निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण सेवा वितरण का आह्वान किया।
उन्होंने अधिकारियों से सतत और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने, आउटरीच के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए सार्वजनिक निजी भागीदारी को बढ़ावा देने में सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। पर्यटन क्षेत्र में निवेश के प्रभाव को अधिकतम करने के लिए पारदर्शी वित्तीय नियोजन, धन का समय पर उपयोग और परियोजना की समय सीमा का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।