अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस की पूर्व संध्या पर लगन सोसाइटी फॉर आर्ट एंड कल्चर ने कोरियोग्राफर और अभिनेता रोहित बैंस को ''लगन कला सम्मान'' से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें लोकनृत्य और संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एलएसएसी के संरक्षक एडवोकेट संदीप गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में एलएसएसी के अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने रोहित बैंस के जीवन, कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित आलेख का पाठ किया।
उन्होंने बैंस के डोगरी लोकनृत्य और रंगमंच में योगदान को बेहद अहम बताया। इसके बाद बैंस को सम्मान स्वरूप डोगरा पगड़ी, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट की गई। इस दौरान लगन सोसाइटी का आभार जताते हुए बैंस ने हा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है और उन्हें अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।