ग्रेटर कैलाश लूट मामले में 5 संदिग्ध हिरासत में, इनमें मुख्य आरोपी भी संभव
अभी तक लूट के गहने बरामद नहीं, सभी संदिग्ध बिश्नाह क्षेत्र के
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ग्रेटर कैलाश लूट मामले में अभी मुख्य आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पांच संदिग्ध पुलिस की हिरासत में हैं। इनसे पूछताछ जारी है। अभी तक इनमें से किसी ने जुर्म कबूल नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि इन संदिग्धों में भी मुख्य आरोपी संभव है। लेकिन, जब तक कोई मानता नहीं। कुछ नहीं कहा जा सकता।
डीएसपी कार्तिक श्रोत्रिया का कहना है कि हमने कुछ और संदिग्धों का भी पता लगाया है। इनकी धरपकड़ भी जारी है। पुलिस ने बिश्नाह समेत कई जगहों पर अपनी अलग अलग टीमों को लगाया है। पुलिस की तरफ से 500 से अधिक सीसीटीवी खंगाल कर जांच के जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले ग्रेटर कैलाश में सुनार की दुकान पर दिनदहाड़े हथियारों की नोक पर 1.5 किलो सोने के गहने लूट लिए थे। इसके बाद से बदमाशों का कुछ पता नहीं चला है। पुलिस का मानना है कि आरोपी बिश्नाह क्षेत्र के हो सकते हैं।
बिश्नाह में है मुख्य दुकान
बता दें कि ग्रेटर कैलाश में जिस सुनार की दुकान पर लूट हुई थी उनकी बिश्नाह में भी एक बड़ी दुकान है, जबकि रहने वाले भी यहीं के हैं। इसलिए पुलिस को लगता है कि बदमाश इसी क्षेत्र के हो सकते हैं। जिन्होंने सुनार की दुकान की पूरी जानकारी ली हुई थी। यूं कहें कि पूरी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है।