कुछ शर्तों का करना होगा पालन, यंग लाॅयर एसोसिएशन का चुनाव एक मार्च को
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। यंग लाॅयर एसोसिएशन के चुनाव की तिथि में बदलाव किया गया है। रमजान को देखते हुए अब मतदान एक मार्च को होगा, जोकि पहले 15 मार्च को होना था। एक बदलाव और भी किया गया है। इसके तहत अब मेन बार का एक वर्ष से कम अवधि का मेंबर रहे बिना भी वोटिंग हो सकती है। हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं।
शर्तों के मुताबिक 31 दिसंबर 2024 तक मेन बार के सदस्य मतदान कर सकेंगे, लेकिन इसके लिए फरवरी 2024 तक फीस अपडेट होनी चाहिए। जानकारी के अनुसार यंग लाॅयर एसोसिएशन के लिए नामांकन 17 से 19 फरवरी तक होगा। 21 को स्क्रूटनी होगी। 22 फरवरी तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। एक मार्च को मतदान होगा।
रिटर्निंग ऑफिसर रोहित शर्मा ने बताया कि पहले मतदान के लिए कम से कम मेन बार का सदस्य होने की अवधि एक वर्ष की थी। कई यंग मेंबर होते थे, जो इस वजह से मतदान नहीं कर पाते थे। इस बार बदलाव हुआ है। हमें लगता है कि इससे 250 से 300 मेंबर बढ़ सकते हैं।
...ताकि रमजान में दिक्कत न हो
कई मेंबर मुस्लिम समाज से भी चुनाव लड़ रहे हैं। क्योंकि, मार्च में रमजान का भी महीना है। इसलिए उनकी सहूलियत को देखते हुए मतदान 15 मार्च की जगह एक मार्च को किया गया है। हमने जनरल हाउस की बैठक में इसका प्रस्ताव रखा था, जिसे स्वीकार किया है। यंग लाॅयर का चुनाव आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इसमें हर समुदाय के लोग हिस्सा लेते हैं। इसलिए हर धर्म की सब कद्र करते हैं।
- रोहित शर्मा, रिटर्निंग अफसर