संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। ग्रेटर कैलाश लूट मामले में हुए खुलासे और रिकवरी का दुकानदार आनंद ज्वेलर्स के मालिकों ने जम्मू पुलिस का आभार जताया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। जिसके चलते लगभग दो महीने में आरोपियों सहित लूट का सामान भी बरामद कर लिया गया।
दुकान के मालिक सनम ने कहा कि पुलिस ने लूटे हुए सोने की काफी रिकवरी कर ली है। पर अभी पूरी बरामदगी नहीं हो पाई है।उन्होंने पुलिस से बाकी के सोने को भी जल्द रिकवर करने की मांग की। साथ ही सुरक्षा के लिए सुनार का काम करने वालों को गन लाइसेंस देने की भी अपील की।
लूट के दौरान दुकान पर मौजूद प्रभा का कहना है कि काफी समय से उनकी रेकी की जा रही थी। इस बारे में घर पर भी बताया पर इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना है कि एक बार जम्मू से लेकर अमृतसर तक उनकी कार का पीछा किया गया था। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में याद करके अभी भी डर लगता है। फिलहाल दुकान पर सुरक्षा के लिए काफी इंतजाम कर लिए हैं।पुलिस ने भी काफी मदद की है।