जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जेल और जिला प्रशासन के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की अंडर ट्रायल समीक्षा समिति की बैठक बुधवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाईपी बौर्नी के कार्यालय में हुई। बैठक में अंडर ट्रायल कैदियों के मामलों की समीक्षा की गई, ताकि उनकी रिहाई की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। बैठक में एसएसपी जोगिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय विधिव सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के आधार पर अंडर ट्रायल कैदियों के मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान उचित पैरवी न होने की वजह से सालों से जेल में सजा काट रहे कैदियों पर विशेष चर्चा की गई। समिति ने रिहाई की योग्यता पूरी करने वाले कैदियों तक कानूनी प्रावधानों का लाभ पहुंचाने के तरीकों पर भी चर्चा की। साथ ही कैदियों के मामलों की निगरानी के लिए डेटा शीट बनाने और तिमाही रिपोर्ट तैयार करने को लेकर भी विचार किया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला आयुक्त अनसूया जामवाल, डीएलएसए की सचिव स्मृति शर्मा, केंद्रीय जेल कोट भलवाल के अधीक्षक वीरिंदर कुमार भट, जिला जेल अंबफला के अधीक्षक धर्मिंदर कटोच और अधिवक्ता अनिल शर्मा मौजूद रहे।