गर्मी की दस्तक से शहर में चमकने लगा एसी-कूलर का बाजार
तीन हजार से कूलर और 25 हजार रुपये से एसी की शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गर्मियां की दस्तक का असर शहर के एसी और कूलर बाजारों में भी दिखने लगा है। कुछ दिनों से शहर में कूलर और इन्वर्टर एसी की बिक्री बढ़ गई है। लिहाजा बिजली की दुकानों में भी भीड़ दिखने लगी है। लोग गर्मी से निजात पाने के लिए अपने बजट के हिसाब से एसी और कूलर खरीद रहे हैं।
बाजारों में 23 हजार में एसी और तीन हजार रुपये से कूलर मिलना शुरू हो रहे हैं। जानीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले पल्लव गुप्ता ने बताया कि हर साल बैसाखी के आसपास गर्मी बढ़नी शुरू होती है और लोग इसके लिए इंतजाम भी शुरू कर देते हैं।
इस दौरान सबसे ज्यादा मांग एसी और कूलर की होती है। अगर कूलरों की बात करें तो बाजार में तीन हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। इनमें पोर्टेबल और एक जगह खड़े रहने वाले स्टिल कूलर शामिल हैं। लोग अपनी सुविधानुसार अपनी पसंद के कूलर खरीद रहे हैं।
विंडो एसी की शुरुआत 24 हजार रुपये से
शहर के गांधीनगर में एसी का कारोबार करने वाले अमित सूदन ने बताया कि विंडो एसी की शुरुआत 24 हजार रुपये से है। वहीं, स्प्लिट एसी की शुरुआती कीमत 32 हजार रुपये है। चार-पांच सालों से लोग स्प्लिट एसी ही ज्यादा खरीद रहे हैं। बिजली की कम खपत करने की वजह से दो-तीन सालों से इन्वर्टर एसी की मांग भी बढ़ी है। इससे लोगों को बिजली के बिल में राहत मिलती है। बाजार में पोर्टेबल एसी भी उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें लोग घरों के लिए कम खरीदते हैं।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही एसी और कूलरों की बिक्री तो बढ़ी है, लेकिन फिलहाल बाजार में अभी मंदी है। दुकानदारों को आशा है कि जैसे-जैसे और गर्मी बढ़ेगी एसी-कूलरों की मांग भी बढ़ेगी।
-जतिंदर गुप्ता, प्रधान, रणबीर मार्केट ट्रेडर एसोसिएशन