उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे इलाके में मंगलवार को सुरक्षाबलों को हथियारों का बड़ा जखीरा मिला। आशंका जताई जा रही है कि घुसपैठ कर आने वाले आतंकियों के लिए यह हथियार छिपाकर रखे गए थे।
सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने उड़ी सेक्टर के मैदान नाले के पास सर्च ऑपरेशन चलाया। यह एलओसी से बिल्कुल सटा इलाका है। तलाशी के दौरान एक जगह छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया।
इसमें तीन एके 56 राइफल, दो पिस्टल, मैगजीन तथा गोलियां शामिल हैं। सारे हथियार एक बोरी में रखे गए थे। सूत्रों ने बताया कि हथियार घुसपैठ कर आने वाले आतंकियों के लिए छिपाकर रखे गए हो सकते हैं।
आशंका यह भी है कि सीमा पार से हथियारों की तस्करी की गई होगी। पुलिस ने बताया कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।