दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के जाबलीपोरा गांव में आतंकियों ने शनिवार की देर शाम दो नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब दोनों युवक घर के बाहर आपस में चर्चा कर रहे थे। उसी समय आए आतंकियों ने गोलियां दागीं और फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंचे सुरक्षाबलों ने इलाका घेर लिया है। हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात लगभग आठ बजे जाबलीपोरा गांव में डेंटल तकनीशियन शाहनवाज भट्ट (35) और छात्र संजीद अहमद पारे (20) घरों से निकल कर बातचीत कर रहे थे। उसी समय वहां पहुुंचे आतंकियों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। गोलियां लगते ही दोनों वहीं गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर दोनों के परिजन और पड़ोसी घरों से बाहर निकले तो दोनों युवक जमीन पर पड़े थे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कहर बरपा रही भीषण गर्मी, पंखे, कूलर भी नहीं दे पा रहे राहत
दोनों को उठाकर तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावरों की तलाश में सुरक्षाबलों ने सघन अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस आतंकी वारदात की सभी परिस्थितियों की कड़ाई से जांच कर रही है।
पिछले माह इसी इलाके में हुई थी जवान की हत्या
पिछले माह 9 अप्रैल को बिजबिहाड़ा के गोरीवन इलाके में आतंकियों ने प्रादेशिक सेना के हवलदार मोहम्मद सलीम आखून को उसके घर के बाहर गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद सुरक्षाबलों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अगले 72 घंटों में चार अलग-अलग ऑपरेशनों में 12 आतंकियों को मार गिराया था।