बिजली ढांचा सुचारु आपूर्ति में बड़ी बाधा
- फोटो : Demo Pic.
जम्मू कश्मीर में कड़ाके की ठंड में मौसम के करवट बदलते ही बेजार हो चुका बिजली ढांचा सुचारु आपूर्ति में बड़ी बाधा बन चुका है। बर्फबारी वाले इलाकों में जहां कई-कई दिन बिजली गुल रह रही है, वहीं मैदानी इलाकों में भी बिजली की समस्या कम नहीं हो पा रही है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत सप्ताह खराब रहे मौसम में रियासत में करीब 2000 बिजली ट्रांसफार्मर जल गए या खराब हो गए। बिजली लाइनों से लेकर कंडक्टर तक स्नैप होने से लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। विधानसभा और विधान परिषद तक में बिजली गुल होने पर हंगामा हो रहा है।
अधिकारियों की मानें तो बिजली ढांचा दशकों पुराना है। आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर कार्य के चलते बिजली ढांचे को अपग्रेड करने का काम रियासत के तीस शहरों में जारी है। अन्य जगह चरणबद्ध तरीके से यह काम होना है। जब तक ढांचा अपग्रेड नहीं होता, तब तक खराब मौसम में बिजली की आपूर्ति में बाधा आती रहेगी।