किश्तवाड़ जिले के मढ़वा के तेलर गांव में एक सात वर्षीय बच्चे की बर्फ में दबने से मौत हो गई। यह बच्चा 16 जनवरी को हुई बर्फबारी के बाद से लापता था। परिवार के सदस्य पूरे इलाके में उसे ढूंढते रहे। घर से कुछ ही दूरी पर एक अन्य घर के पास बर्फ के ढेर से बच्चे का शव बरामद हो गया। मृतक की पहचान मुतारिफ बशीर के रूप में हुई है।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि 16 जनवरी को मुतारिफ बशीर घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। उच्च पर्वतीय इलाका होने की वजह से तेलर गांव में भारी बर्फबारी से घर की छतों पर कई फुट बर्फ जमा हो गई थी। बताया जा रहा है कि एक घर की छत पर जमा कई फुट बर्फ अचानक नीचे आ गिरी, जिसमें मुतारिफ दब गया।
घर वाले उसे पूरा दिन ढूंढते रहे। सोमवार को मुतारिफ का शव बर्फ के ढेर से बरामद हो गया। मुतारिफ के पिता बशीर अहमद लोहार ने बताया कि घटना के बारे में पुलिस को सूचना दे दी गई है।