अतिरिक्त जिला उपायुक्त व समकक्ष रैंक के 20 अफसर आयोग को समय से उपलब्ध करवाएंगे जानकारी। जिला उपायुक्त से सहयोग करने के अलावा संगठनों और लोगाें की बात सुनकर आयोग तक पहुंचाएंगे सुझाव व मांग।
परिसीमन आयोग को जिला स्तर की जानकारियां समय से पहुंचाने समेत परिसीमन प्रक्रिया के अन्य कामकाज के लिए 20 नोडल अफसर नियुक्त किए गए हैं। अतिरिक्त जिला उपायुक्त व समकक्ष रैंक के अफसर जिला उपायुक्त से सहयोग करेंगे। नोडल अफसरों का काम आयोग की ओर से मांगी जाने वाली जानकारी उपलब्ध करवाना होगा। इसके अलावा परिसीमन प्रक्रिया को लेकर जिला स्तर पर संगठन अथवा व्यक्तिगत रूप से लोग अपनी बात रखना चाहते हों तो नोडल अफसर उन्हें सुनेंगे।
विज्ञापन
सामान्य प्रशासनिक विभाग के सचिव मनोज कुमार द्विवेदी ने नोडल अफसरों की नियुक्ति का आदेश जारी किया। नियुक्त अफसरों में जम्मू में एडीसी सतीश कुमार, अनंतनाग जिले में गुलाम हसन शेख, बांदीपोरा में परवेज रहीम, बारामुला में रफीक अहमद लोन, बडगाम में अकरामुल्ला टाक, डोडा में मोहम्मद इदरीस लोन, गांदरबल में फारूक अहमद बाबा, कठुआ में संदीप सियोत्रा को नोडल अफसर बनाया गया है।
इसी तरह से किश्तवाड़ जिले में शाम लाल, कुलगाम में शौकत अहमद राथर, कुपवाड़ा में शब्बीर अहमद वानी, पुंछ में अब्दुल सत्तार, पुलवामा में नौशाद अहमद राथर, राजोरी में सचिन देव सिंह, रामबन में हरबंस लाल, रियासी में संजय कुमार बडियाल, सांबा में राजीव मजोत्रा, शोपिया में रिजवान असगर, श्रीनगर में संदीप सिंह बाली और उधमपुर में शवी को नोडल अफसर बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि परिसीमन आयोग को जम्मू-कश्मीर के विधानसभा क्षेत्रों और संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।