मेंढर के बाटादूड़ियां के नाड़खास में मंगलवार दोपहर सुरक्षा बलों को तलाशी के दौरान एक मोर्टार मिला। उसे देर शाम सेना के बम निरोधक दस्ते के सहयोग से निष्क्रिय कर दिया गया। मोर्टार के बारे में माना जा रहा है कि यह पिछले माह क्षेत्र में आतंकियों के साथ 15 दिन से अधिक समय तक चली मुठभेड़ के दौरान प्रयोग में लाए जाने के दौरान बच गया होगा।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे जब सेना की 156 टीए बटालियन, 49 आरआर की तरफ से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने क्षेत्र में मोर्टार देखा। इसके बाद क्षेत्र की घेराबंदी करते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। दस्ते ने मोर्टार को विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पिछले माह आतंकियों द्वारा सेना के चार जवानों पर हमला कर उन्हें शहीद किए जाने के बाद क्षेत्र में 15 दिन से अधिक समय तक सुरक्षा बलों द्वारा आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान जंगल और नालों में आतंकियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा मोर्टार जैसे बड़े हथियारों का भी प्रयोग किया था। यह मोर्टार दागे जाने के दौरान बिना फटे रह गया होगा। उधर सुरक्षा बलों की तरफ से मोर्टार के बारे में कुछ भी नहीं कहा जा रहा है।