वैष्णोदेवी के लिए चलने वाली कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा भी शुक्रवार को ठप रही। अर्द्धकुंवारी-भवन ट्रैक पर दोपहर तक वैष्णो देवी यात्रा भी बंद रही। दक्षिणी कश्मीर के विशु नाले में आये उफान के कारण पांच छोटे पुल बह जाने से हजारों लोगों का संपर्क कट गया है। घाटी के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी से पारा गिरा है। बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
पहलगाम जाने वाला तीसरा जत्था उधमपुर में रोका गया
बटोत और रामबन के बीच डिगडोल, पंथियाल, नेहाड़, मगरकोट, गांगरू में भूस्खलन से 10 घंटे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। देर शाम तक तीन बार हाईवे बंद हुआ। शाम छह बजे बालटाल के अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को जवाहर टनल के पार भेजा जा सका। जबकि पहलगाम के जत्थे को उधमपुर के टिकरी सहित अन्य इलाकों में रोका गया है। राजोरी-पुंछ को कश्मीर से जोड़ने वाला मुगलरोड मार्ग बंद हो गया है। सोनामर्ग-लेह मार्ग पर यातायात बंद है।
48 घंटे से वादी में मूसलाधार बारिश
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के अधिकांश इलाकों में पिछले 48 घंटे से तेज और मूसलाधार बारिश हो रही है। सोनामर्ग, पहलगाम, जोजिला सहित अन्य पर्वतीय इलाकों में एक से डेढ़ इंच बर्फबारी हुई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में सामान्य से 10 से 14 डिग्री तक गिरावट आई है। जिला कठुआ, राजोरी , पुंछ, जम्मू आदि के अधिकतर पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई है।
जम्मू। राज्य पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से गवर्नमेंट ब्वायज स्कूल हीरपोरा, शोपियां में 165 विद्यार्थियों को रेस्क्यू कर बचाया। बताया जाता है कि नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से सभी विद्यार्थी फंस गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित निकाल लिया गया।
जम्मू में तवी नदी में भी राज्य पुलिस ने एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की मदद से मछली पकड़ने गए छह लोगों को बचाया गया। खराब मौसम को देखते हुए साउथ कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम जिला में राज्य पुलिस की ओर से हेल्पलाइन स्थापित की गई है।
भारी बारिश के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने आपातकालीन बैठक बुलाई। उन्होंने अधिकारियों के साथ राज्य में हो रही भारी बारिश की स्थिति पर चर्चा की।
वहीं जम्मू-कश्मीर की तवी नदी में फंसे 6 लोग बचा लिए गए हैं। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स ने नदी में फंसे 6 लोगों को सुरिक्षत बचाए। आपको बता दें कि भारी बारिश के चलते राज्य की नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।