भाजपा-पीडीपी सरकार के दौरान महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किए गए कई अधिकारियों के तबादले की कवायद राज्यपाल ने शुरू कर दी है। प्राइवेट सचिव और विभिन्न कारपोरेशन सहित बोर्ड के उप चेयरमैन हटाए जाने के बाद नौकरशाहों पर भी गाज गिरेगी।
सूत्रों के अनुसार राज्यपाल एनएन वोहरा ने ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कराना शुरू कर दी है, जो पीडीपी और भाजपा सरकार के दौरान मनमाफिक पद हासिल करने में कामयाब रहे। पीडीपी और भाजपा के कई मंत्रियों ने कैबिनेट सिविल प्रशासन में अपने क्षेत्र में चहेते अधिकारी लगाए। इसके अलावा कई ऐसे भी अधिकारी हैं, जिन लोगों ने अपनी अटैचमेंट शहरी और घरों के आसपास करा ली थी। राजनीतिक रसूख वाले इन कर्मचारियों को भी बदला जाएगा।