सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने जम्मू-कश्मीर के न्यायिक अधिकारी राजेश सेखरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट में जज के रूप में पदोन्नत करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा सात वकीलों को इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज नियुक्त करने की सिफारिश केंद्र को भेजी है। इनमें पांच नाम पुराने और दो नए नाम हैं।
सीजेआई एनवी रमण की अध्यक्षता में 14 जुलाई को हुई कॉलेजियम की बैठक में सिफारिशों को मंजूरी दी है। जम्मू-कश्मीर व लद्दाख उच्च न्यायालय में वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश पंकज मित्थल सहित 11 न्यायाधीश हैं। उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति अली मोहम्मद माग्रे, न्यायमूर्ति ताशी राबस्तान, न्यायमूर्ति संजीव कुमार शुक्ला, न्यायमूर्ति सिंधु शर्मा, न्यायमूर्ति रजनीश ओसवाल, न्यायमूर्ति विनोद चटर्जी कौल, न्यायमूर्ति संजय धर और न्यायमूर्ति जावेद इकबाल वानी, न्यायमूर्ति राहुल भारती और मोक्शा खजूरिया काजमी शामिल हैं।
जम्मू में जन्में राजेश सेकरी ने एसडी सभा हाई सेकेंडरी स्कूल से दसवीं, 1989 में गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल साइंस कॉलेज से स्नातक की। 1995 में मुंसिफ के रूप में शामिल हुए। 1998 में उप-न्यायाधीश के रूप में और 2008 में जिला और सत्र न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए।
उन्होंने सीजेएम, राजौरी और कारगिल, विशेष न्यायाधीश टाडा / पोटा कोर्ट श्रीनगर, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश अनंतनाग, अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश, जम्मू, प्रधान जिला न्यायाधीश, रियासी, रामबन और बारामूला के रूप में कार्य किया।