रेहड़ी वाले बोले साजिशन की जा रही कार्रवाई, परिषद ने कहा हर हाल में हटेगा अतिक्रमण। रेहड़ी वालों का कहना था नगर परिषद की टीम साजिश के तहत चंद रेहड़ियों को ही निशाना बनाती है। बाजार में सैकड़ों बिना लाइसेंस की रेहड़ियां नो रेहड़ी जोन लगी हैं, लेकिन हर बार कुछ को ही निशाना बनाया जाता है।
उधमपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर मंगलवार को हंगामा हो गया। नो रेहड़ी जोन घोषित क्षेत्र में लगी रेहड़ियों को हटाने गई नगर परिषद की टीम के साथ रेहड़ी वालों की हाथापाई हो गई। इस दौरान कई रेहड़ियों का सामान जब्त कर लिया गया, जबकि हाथापाई के सामान से तोड़फोड़ भी हो गई। रेहड़ी वालों ने कार्रवाई को चुनिंदा लोगों के खिलाफ साजिश बताया। वहीं, नगर परिषद ने कहा कि शहर से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विज्ञापन
नगर परिषद ने शहर के कई हिस्सों को नो रेहड़ी जोन घोषित कर दिया है। साथ ही कई बार यहां रेहड़ी लगाने को लेकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी, लेकिन फिर भी रेहड़ी वाले मानने को तैयार नहीं है। शहर के विभिन्न हिस्सों में रेहड़ियां लगा कर अतिक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंगलवार को दोपहर बाद ढाई बजे नगर परिषद की टीम खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में सलाथिया चौक पर पहुंची और एक-एक कर रेहड़ियों को कब्जे में लेना शुरू कर दिया। लेकिन इसको लेकर कुछ रेहड़ी वालों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
विरोध इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। सभी रेहड़ियों को नगर परिषद कार्यालय ले जाना संभव नहीं था तो खिलाफबर्जी ने कुछ रेहड़ी वालों के तराजू कब्जे में लिए और कुछ के मौके पर ही नीचे फेंक कर तोड़ दिए। टीम की कार्यप्रणाली का भी रेहड़ी वालों ने विरोध किया। रेहड़ी वालों का कहना था नगर परिषद की टीम साजिश के तहत चंद रेहड़ियों को ही निशाना बनाती है। बाजार में सैकड़ों बिना लाइसेंस की रेहड़ियां नो रेहड़ी जोन लगी हैं, लेकिन हर बार कुछ को ही निशाना बनाया जाता है। अगर कार्रवाई करनी है तो सब पर की जाए।
आगे से पुलिस की उपस्थिति में होगी कार्रवाई
खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर ने बताया कि शहर के गली व चौक चौराहे अतिक्रमण की चपेट में हैं। जब इसको लेकर कार्रवाई कर रहे हैं तो उनके साथ हाथपाई और गाली गलौच की जा रही है। अब आने वाले दिनों में पुलिस टीम के साथ ही कार्रवाई को अंजाम देंगे। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।