पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती इन दिनों जम्मू दौरे पर हैं। वह गुपकार गठबंधन की बैठक में भाग लेने वाली थी लेकिन इसे अब टाल दिया गया है। पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू संभाग के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रशासन के जन विरोधी कार्यों व फैसलों का कड़ा विरोध करने को कहा हैं। जम्मू दौरे के दूसरे दिन शनिवार को पार्टी कार्यालय में नेताओं से बैठक में महबूबा ने यह बात कही।
विज्ञापन
पार्टी सूत्रो के अनुसार महबूबा मुफ्ती ने इस अवसर पर कहा कि रूप नगर में जनजातीय लोगों को बिना नोटिस दिए उनके घरों को तोड़कर प्रशासन ने जन विरोधी कार्य किया है। उन्होंने कहा भाजपा से जुड़े नेताओं के अवैध निर्माण को प्रशासन हाथ तक नहीं लगा रहा है, जबकि गरीबों के मकानों को तोड़ने का काम हो रहा है।
महबूबा मुफ्ती ने कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं को एहतियात बरतते हुए संगठन को मजबूत करने के कार्य करने के लिए भी कहा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष चौधरी हमीद, महासचिव अमरीक सिंह रीन, कोषाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह आदि नेता मौजूद रहे।