उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग के एक होटल में आग लगने से उसकी दो मंजिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। इसके अलावा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि रविवार की सुबह लगभग 9.45 बजे गुलमर्ग के चार सितारा हिल टॉप होटल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वहां उपलब्ध एक मात्र अग्निशमन वाहन को घटना स्थल की ओर रवाना कर दिया गया। इसके साथ ही सेना, पुलिस व फायर ब्रिगेड के जवाव वहां पहुंच गए।
जब तक अग्निशमन वाहन वहां पहुंचा तो पाया कि आग और भड़क चुकी थी। तत्काल संगमर्ग और कुंदर से एक-एक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और मंगाई गईं। तीनों वाहनों ने दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।