शाम करीब 4 बजे दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के हंडेव गांव में मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब इलाके में सेना की 44आरआर, सीआरपीएफ और एसओजी के जवानों द्वारा आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकियों को मार गिराया गया। एक सेना का जवान भी घायल हुआ जिसे श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल आतंकियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
कुपवाड़ा में भाग निकले आतंकी
उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के कंडी इलाके में सुबह 11 बजे के करीब मुठभेड़ शुरू हुई जब सेना की 47 आरआर, 28आरआर और एसओजी द्वारा कंडी जंगल क्षेत्र के पोर्टल नाड़ और राजधान नाड़ के बीच तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान आतंकियों के साथ कांटैक्ट हुआ और दोनों ओर से भारी फायरिंग शुरू हुई। कुछ देर तक चली फायरिंग के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया। सूत्रों की मानें तो आतंकी चकमा देकर फ रार होने में कामयाब रहे। देर शाम तक तलाशी अभियान चलता रहा, लेकिन खराब मौसम सर्च ऑपरेशन में बाधा डाल रहा है।
मुठभेड़ के दौरान भड़की हिंसा
पुलवामा मुठभेड़ के दौरान पुलवामा और शोपियां के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन भी देखने को मिले। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। इलाके में तनाव बढ़ता देख प्रशासन द्वारा पुलवामा में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लागू कर दी गई। और इस बीच शोपियां और पुलवामा में बंद देखने को मिला। इलाके में मुठभेड़ शुरू होने की खबर फैलने के साथ ही स्थानीय युवा सड़कों पर उतर आए और मुठभेड़ स्थल की ओर जाने की कोशिश करने लगे। सुरक्षाबलों ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया।