निदेशालय स्कूल शिक्षा विभाग के आईटी विभाग ने ऑनलाइन कक्षाओं, को-करिकुलम एक्टिविटीज और ऑनलाइन असेस्मेंट के लिए एंड्रॉएड एप तैयार किया है। यह एप विशेष तौर पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है, इसके माध्यम से वह आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं एप पर जेके बोर्ड ऑफ स्कूल एजूकेशन का सारा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध करवाया गया है। जिन विद्यार्थियों के पास किताबें नहीं हैं वह बोर्ड की तरफ से उपलब्ध करवाई गई डिजिटल किताबों को इस एप के माध्यम से पढ़ सकते हैं।
जोनल स्तर पर ऑनलाइन असेस्मेंट होगा
इस एप के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। सभी स्कूलों के ग्रुपों में इस एप का लिंक दिया जाएगा। शिक्षक ही विद्यार्थियों को एप डाउनलोड करने के बारे में जानकारी देंगे, साथ ही बताएंगे इसे किस तरह से इस्तेमाल किया जाएगा। विभाग द्वारा इस एप पर जोनल स्तर पर विद्यार्थियों का असेस्मेंट आयोजित करने का भी प्रयास जारी है। फिलहाल इस एप को केवल छठी से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। कुछ समय बाद पहली से पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए भी एप पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
विभाग की ओर से भेजा जा रहा लिंक
एप को डाउनलोड करने के लिए विभाग की तरफ से लिंक भेजा जा रहा है। कुछ दिनों बाद इस एप को प्ले स्टोर से भी डाउनलोड किया जा सकेगा। इस एप को किसी भी स्कूल का विद्यार्थी इस्तेमाल कर सकता है चाहे वह प्राइवेट स्कूल हो या फिर सरकारी स्कूल। दरअसल सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के पास ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा कम होने के चलते इसे खासतौर पर उन्हीं के लिए तैयार किया गया है।
इस एप से संबंधित प्रशिक्षण देने के लिए रिसोर्स पर्सनों को ट्रेंड किया जाएगा। ये लोग इस एप को इस्तेमाल करने के तरीके के बारे में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को जानकारी देंगे। इस एप पर होम क्लासेज जो शिक्षकों द्वारा दी जा रही हैं उन्हें भी अपलोड किया जाएगा। साथ ही जोनल स्तर पर असेस्मेंट भी आयोजित किए जाएंगे। हमारी तरफ से कोशिश जारी है कि संभाग के हर बच्चे को इस एप के साथ जोड़ा जाए और उन्हें इसका पूरा लाभ मिल पाए।-दीपक शर्मा, नोडल अफसर