एलजी ने कहा कि सरकार प्रत्येक गांव की विशेषताओं, सांस्कृतिक विविधता, स्थानीय मूल्य व परंपराओं को मान्यता देने के लिए प्रयासरत है। सरकार विभिन्न पृष्ठभूमि के युवाओं को अधिकतम तथा समान अवसर उपलब्ध करा रही है। नीति निर्धारण में इनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है ताकि उनकी जरूरतें पूरी हो सकें। साथ ही उनके विचारों के अनुरूप बेहतर भविष्य का निर्माण कर सके।
युवाओं को कारोबार के लिए वित्तीय सहायता
उप राज्यपाल ने कहा कि युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सेक्टर चिह्नित किए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जो युवा अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं उन्हें पर्याप्त वित्तीय सहायता मिले जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
अगस्त में 11.22 लाख पर्यटक पहुंचे जम्मू-कश्मीर
सिन्हा ने कहा कि देश में पर्यटकों की संख्या के लिहाज से जम्मू-कश्मीर आगे है। जुलाई में 10.5 लाख तथा अगस्त में 11.22 लाख पर्यटक यहां आए। उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां के पर्यटक गांव देश के 10 सर्वश्रेष्ठ पर्यटक गांवों में शामिल हो जाएंगे।
प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के लिए देश भर के बड़े शहरों में शो आयोजित करवाए जाएंगे। इसके लिए स्थानीय पर्यटन हितधारकों के सफल टीकाकरण और क्षमता निर्माण के बाद पर्यटन विभाग ने देशभर में संभावित पर्यटन बाजारों के बीच प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रमुख शहरों में व्यापार उद्योग, पर्यटन हितधारकों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद और रोड शो किए जाएंगे। इसमें चेन्नई, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता में जाकर पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। इस कड़ी में पर्यटन अधिकारियों के साथ एक टीम ने चेन्नई में पहुंचकर स्थानीय टूर आपरेटरों, पर्यटन उत्पादों के संभावित खरीदारों और अन्य वर्ग से चर्चा की।
उपनिदेशक पर्यटन कश्मीर डॉ. अहसानुल हक चिश्ती और पर्यटन उपनिदेशक जम्मू नरेश कुमार ने टूर ट्रेवल उद्योग के प्रतिनिधियों को जम्मू-कश्मीर में पर्यटन हितधारकों की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि कोविड के बीच टैक्सी आपरेटरों, होटल व्यवसायियों, शिकारावाला, पर्यटक गाइड, पोनी वाला सहित अन्य पर्यटन हितधारकों का 95 फीसदी तक टीकाकरण किया जा चुका है। जम्मू कश्मीर के गोल्फिंग सर्किट में प्रतिष्ठित रायल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स, पहलगाम गोल्फ कोर्स, गुलमर्ग गोल्फ कोर्स, कश्मीर गोल्फ कोर्स के अलावा जम्मू तवी गोल्फ कोर्स शामिल हैं।
वर्तमान में देश के सभी प्रमुख शहरों का श्रीनगर और जम्मू हवाई अड्डों से सीधा संपर्क है। जम्मू-कस्मीर में कई नए पर्यटन स्थलों की खोज की जा रही है। पिछली सर्दियों और इस गर्मी में दक्षिणी राज्यों के कई प्रोडक्शन हाउस ने जम्मू कश्मीर विशेष रूप से कश्मीर के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग की है। विभाग ने आगामी तीन माह के लिए त्योहारों का एक कैलेंडर तैयार किया है, जिसमें प्रतिष्ठित शरद ऋतु और सर्दियों के त्योहार शामिल हैं। एडवेंचर गतिविधियों में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए ट्रेकिंग और राफ्टिंग जैसी गतिविधियों ने गति पकड़ी है।
प्रदेश में सात गोल्फ प्रतियोगिताएं होंगी
जम्मू कश्मीर में अगले दो माह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सात से अधिक गोल्फ प्रतियोगिताएं करवाने की तैयारी है। इसमें प्रतिष्ठित पीजीटीआई प्रो प्रतियोगिता शामिल है, जिसमें देश विदेश से लगभग 126 शीर्ष गोल्फरों के शामिल होने की उम्मीद है।