पुलिस और अन्य के साथ बैठक करते डीसी सचिन कुमार जमू: स्रोत डीसी कार्यालय
गांदरबल में आतंकी हमले के बाद लिया फैसला, दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे, रिंग रोड, तवी रिवर फ्रंट, सतवारी-कुंजवानी फ्लाईओवर का काम जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिले की महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा। डीसी जम्मू सचिन कुमार ने जिला पुलिस को इन परियोजना स्थलों पर काम करने वालों को सुरक्षा मुहैया करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसके लिए व्यापक योजनाएं बनाने के लिए कहा है, ताकि संरचनाओं और कार्यबल दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कश्मीर के गांदरबल में सुरंग निर्माण में काम करने वाले मजदूरों और अन्य पर आतंकी हमला हो चुका है। इसमें सात लोग मारे गए थे। ऐसे में प्रशासन जम्मू में भी कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। बुधवार को डीसी ने एसएसपी जोगिंदर सिंह के साथ इसे लेकर बैठक की, जिसमें यह फैसला लिया गया।
जानकारी के अनुसार जम्मू जिले में इस समय दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे, रिंग रोड, तवी रिवर फ्रंट, कनाल रोड भगवती नगर फ्लाईओवर, कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। यहां हजारों प्रवासी मजदूर और अन्य लोग काम कर रहे हैं। डीसी ने पुलिस को परियोजनाओं और इनमें काम करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है।