उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर ढेर कर दिया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकी की पहचान सज्जाद अहमद डार निवासी सैदपुरा सोपोर के तौर पर हुई है। उससे हथियार भी बरामद हुआ है। सज्जाद जैश का उत्तरी कश्मीर का कमांडर था। वह वर्ष 2018 से इलाके में सक्रिय था। उसे संगठन में स्थानीय युवाओं की भर्ती का काम सौंपा गया था। उस पर कई अन्य मामले भी दर्ज थे।
सूत्रों के अनुसार सूचना मिली थी कि इलाके में 3-4 आतंकी छिपे हुए हैं। इस पर सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स, 179 बटालियन सीआरपीएफ और एसओजी के जवानों ने सोपोर, आरमपुरा के गुलबड़ इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। करीब 14 घंटे तक इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें एक आतंकी को मार गिराने में सफलता मिली।
सैन्य कर्मियों व पुलिस वालों की हत्या में भी शामिल था सज्जाद
सोपोर में मारा गया जैश का स्थानीय कमांडर सैन्य कर्मियों व पुलिस के जवानों की हत्या में भी शामिल रहा है। साथ ही स्थानीय युवाओं को आतंकी संगठन में शामिल करता था। मुठभेड़ खत्म होने के बाद मारे गए आतंकी के बारे में जानकारी देते हुए उत्तर कश्मीर के डीआईजी सुलेमान चौधरी ने बुधवार को बताया कि हमें पुख्ता सूचना मिली थी कि सोपोर के इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं।
इसके बाद 27 आरआर, सीआरपीएफ व एसओजी ने ऑपरेशन शुरू किया जिसमें सज्जाद मारा गया। उसके पास से एक एके रायफल, एक यूबीजीएल, तीन मैगजीन, कारतूस, सेना की वर्दी, कारतूस व अन्य सामान बरामद किया गया है। वह वर्ष 2018 से इलाके में सक्रिय था। वह किन-किन घटनाओं में शामिल था इसकी जांच की जा रही है।