श्रीनगर से करीब 60 किलोमीटर दूर उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में रविवार को हुई भीषण मुठभेड़ में जवानों ने लश्कर के दो आतंकी ढेर कर दिए। मारे गए आतकियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
एक पुख्ता सूचना के आधार पर सोपोर के सैदपुरा गांव में सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सीआरपीएफ की 177वीं बटालियन ने साझा तलाशी अभियान चलाया। जैसे ही जवान इलाके में आगे बढ़े, वहां छिपे आतंकियों ने उन पर गोलियां बरसाईं।
गौरतलब है कि रविवार को हुई मुठभेड़ से पूर्व 13 जनवरी को सोपोर के चनखान इलाके में एक आतंकी मारा गया था, जबकि एक दिन बाद शोपियां के केल्लर में हुई मुठभेड़ में पांच आतंकी मारे गए थे। 26 जनवरी के मद्देनजर अतिरिक्त बलों की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब तीन घंटे चली मुठभेड़ में जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी मूल के दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों की पहचान असदुल्लाह और मोहम्मद रमजान के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार असदुल्लाह वर्ष 2014 में घुसपैठ कर कश्मीर पहुंचा था। वह लश्कर के ग्रुप कमांडर के तौर पर काम कर रहा था। उसे जैश के आतंकियों को लश्कर में शामिल करने का कार्य सौंपा गया था।