युवती से दुष्कर्म के मामले में सीआरपीएफ के तीन कर्मचारी सस्पेंड कर दिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात जवानों के खिलाफ दुष्कर्म और गालीगलौज करने का मामला दर्ज किया गया है।
युवती का आरोप है कि एक महीना पहले सीआरपीएफ के कुछ कर्मी उसे धोखे से सीआरपीएफ कैंप बनतालाब ले गए। यहां सीआरपीएफ के एक कर्मी ने उसके साथ रेप किया। युवती ने यह भी बताया कि दुष्कर्म के दौरान वीडियो भी बनाया गया। धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वीडियो को वायरल कर देंगे।
पुंछ जिले की रहने वाली युवती ने दोमाना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 10 मार्च की है। वह उस दिन बस से शाम करीब साढ़े सात बजे जम्मू पहुंची। युवती ने शिकायत में बताया कि वह अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी, लेकिन रास्ता भूल गई।
युवती को तीन सीआरपीएफ कर्मी मिले। वे यूनिफार्म में सीआरपीएफ कैंप बनतालाब के बाहर ही थे। कहा कि आगे पुलिस स्टेशन है और रिश्तेदार के घर तक ले जाने में उसकी मदद करेंगे। इसके बाद वह कैंप के अंदर ले गए और दुष्कर्म किया और वीडियो बनाया।
फाइल फोटो
पुलिस ने पहुंचाया था रिश्तेदार के यहां
सूचना मिलने पर पुलिस ने युवती को रिश्तेदारों के यहां भेज दिया। पुलिस के अनुसार तब उसने कोई भी केस दर्ज करने से मना कर दिया था। 18 अप्रैल को उसके कुछ रिश्तेदारों ने वीडियो देखा, जिसमें युवती सीआरपीएफ के कुछ कर्मियों के साथ मुस्कराकर बात कर रही थी।
रिश्तेदारों ने पूछा कि यह कौन लोग हैं, जिसके साथ वो बात कर रही है। इसके बाद मामला सामने आया। इसके बाद शनिवार को युवती पुलिस थाने पहुंची और वीडियो पुलिस को दिया। साथ ही शिकायत दर्ज कराई।
जांच के साथ और भी धाराएं जुड़ सकती हैं
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। केस अभी अज्ञात सीआरपीएफ कर्मियों के खिलाफ है। जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में कुछ और धाराएं भी लग सकती हैं।
सीआरपीएफ सिर्फ सुरक्षा में चूक मान रही
सीआरपीएफ के पीआरओ आशीष कुमार झा ने कहा कि सुरक्षा में चूक के मामले में तत्काल तीन कर्मी सस्पेंड किए गए हैं। युवती सीआरपीएफ कैंप में कैसे घुसी, यह एक गंभीर मामला है।
रही रेप की बात तो इस मामले में युवती के आरोपों पर दर्ज केस में सीआरपीएफ पुलिस का पूरा सहयोग करेगी। झा का कहना है कि 10 मार्च रात 10 बजे एक अज्ञात युवती सीआरपीएफ के दो कर्मियों के साथ बनतानाब ग्रुप सेंटर में देखी गई थी।
भाई के दस्तावेज लेने आई थी युवती : पुलिस
रेप पीड़ित युवती जम्मू में कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लेने आई थी। पुलिस की एफआईआर में यह बात शामिल है। एफआईआर में पीड़ित द्वारा लिखित शिकायत के मुताबिक वह 10 मार्च को जम्मू आई थी। 2005 में उसके भाई की करंट लगने से मौत हो गई थी।
उसे भाई की मौत से संबंधित कुछ दस्तावेज लेने थे। उसे कुछ दवा भी खरीदनी थी। इसके लिए वह एक क्लीनिक में गई, लेकिन उसे दवा नहीं मिली और वह लौटने लगी। वह बनतालाब इलाके में अपने रिश्तेदार के घर जाने लगी। इसी दौरान वह रास्ता भूल गई थी।