फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu : वरिष्ठ भाजपा नेता और नगरोटा के विधायक देवेंदर सिंह राणा का निधन, पीएम से लेकर इन नेताओं जानें क्या कहा

Fri, 01 Nov 2024 05:02 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

राणा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के छोटे भाई थे। उनकी मौत की सही वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है।
विज्ञापन
भाई के निधन की खबर पाकर मंत्री जितेंद्र सिंह उनके आवास पर पहुंचे। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वरिष्ठ भाजपा नेता और जम्मू-कश्मीर के नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक देवेंद्र सिंह राणा (59) का गुरुवार को हरियाणा के फैजाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। राणा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के छोटे भाई थे। उनकी मौत की सही वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। भाई के निधन की खबर पाकर मंत्री जितेंद्र सिंह उनके आवास पर पहुंचे हैं। 

विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि देवेंद्र सिंह राणा के असामयिक निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके निधन से हमने एक देशभक्त और व्यापक रूप से सम्मानित नेता खो दिया है, जो जम्मू-कश्मीर के लोगों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध था। मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।
राणा के निधन पर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि देवेंद्र सिंह राणा का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वे एक वरिष्ठ नेता थे, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर की प्रगति के लिए लगन से काम किया। उन्होंने हाल ही में विधानसभा चुनाव जीता था और जम्मू-कश्मीर में भाजपा को मजबूत बनाने में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।
विज्ञापन

 

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर साझा की संवेदना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ भाजपा नेता और नगरोटा विधानसभा से विधायक देवेंद्र सिंह राणा के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। वे हमेशा जम्मू-कश्मीर की शांति और विकास तथा लोगों के हितों के लिए समर्पित रहे, उन्होंने क्षेत्र की प्रगति में अपना अमूल्य योगदान दिया। मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

फारूक अब्दुल्ला  बोले- हम इस दुख में उनके परिवार के साथ
भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि वह एक बुद्धिमान व्यक्ति थे। हमारे उनके साथ अच्छे संबंध थे लेकिन 2021 में उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस छोड़ दी। हमने उनके खिलाफ कभी कोई बयान नहीं दिया। मृत्यु अवश्यंभावी है और यह किसी को नहीं बख्शती। जो आया है उसे जाना है। भगवान उनके परिवार को यह सदमा सहन करने की हिम्मत दे। हम उनके परिवार से लंबे समय से जुड़े हुए हैं हम इस दुख में उनके साथ हैं।
 
रतन लाल गुप्ता ने भी शोक व्यक्त किया
भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर जेकेएनसी प्रांतीय अध्यक्ष (जम्मू) रतन लाल गुप्ता ने कहा कि यह जम्मू के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह जम्मू की आवाज थे। इस क्षति को भरने में कुछ समय लगेगा। लोगों के साथ उनका व्यवहार बहुत अच्छा था। आज तक किसी ने उन पर उंगली नहीं उठाई। उन्होंने जम्मू के लोगों के लिए, खासकर नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के लिए जो कुछ भी कर सकते थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और भगवान उनके परिवार को हिम्मत दे। 

करोड़ों रुपये की कंपनी बनाने से लेकर सत्ता के गलियारों में प्रभाव रखने वाले एक प्रमुख राजनेता बनने तक राणा जम्मू क्षेत्र के प्रभुत्व वाले डोगरा समुदाय के लिए एक मजबूत आवाज थे। वह हाल ही में जम्मू जिले के नगरोटा क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए चुने गए थे।

राणा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह खबर विशेष रूप से एक शुभ दिन पर निराशाजनक है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और पीएमओ@डॉ.जितेंद्र सिंह जी के साथ उनके छोटे भाई के निधन पर हैं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना। ओम शांति।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देवेंदर राणा जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर झटका लगा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना।

एआईसीसी महासचिव गुलाम अहमद मीर, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन, भाजपा नेता और पूर्व मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने सोशल मीडिया पर राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया। राणा के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।

भाजपा प्रवक्ता साजिद यूसुफ ने कहा कि राणा जम्मू-कश्मीर में एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति थे। उनके आकस्मिक निधन से भाजपा और उनके समर्थक सदमे में हैं। राणा का पार्थिव शरीर आज अंतिम संस्कार के लिए जम्मू पहुंचने की उम्मीद है।

एनसीआर के अस्पताल में हुई राणा की मौत
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भाई और वरिष्ठ भाजपा नेता तथा नगरोटा विधायक देवेंद्र सिंह राणा का गुरुवार को हरियाणा के फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे।बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक राणा का अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके परिवार में उनकी पत्नी गुंजन राणा, उनकी बेटियां देवयानी और केतकी और बेटा अधिराज सिंह हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें