(फोटो- एजेंसी)
ईद पर भी श्रीनगर में हिंसक प्रदर्शन हुए। गिलानी सहित कई अन्य अलगाववादियों की नजरबंदी के खिलाफ श्रीनगर और अनंतनाग सहित कई अन्य शहरों में प्रदर्शन हुए। सुरक्षा बलों पर पत्थर बरसाए गए। उपद्रवियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
इस बीच, लगातार दूसरे दिन भी आईएस, लश्कर तथा पाकिस्तान के झंडे लहराने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारेबाजी भी की। इन हिंसक प्रदर्शनों में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है जिनमें कई सुरक्षा बल के जवान शामिल हैं। दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही।
कट्टरपंथी हुर्रियत नेता और हुर्रियत (जी) के अध्यक्ष सैयद अली शाह गिलानी ने नमाज के बाद लोगों से प्रदर्शन की अपील की थी। इसके मद्देनजर सैयद अली शाह गिलानी, मोहम्मद यासीन मलिक, मीरवाइज मौलवी उमर फारूक, शब्बीर अहमद शाह समेत अन्य अलगाववादी नेताओं को नजरबंद कर लिया गया।