अखनूर। महाबली दंगल कमेटी अखनूर की ओर से शुक्रवार को हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत विशाल वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक दंगल हुए जिसमें भारत के साथ कई अंतरराष्ट्रीय पहलवानों ने भी दांव-पेंच दिखाए।
मुख्य मुकाबले में ईरान के होड़ी पहलवान ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के बिनिया मीन पहलवान को हराकर दो लाख रुपये की पहली माली अपने नाम की। विजेता को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दूसरे मुकाबले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के लल्लू पहलवान ने ईरान के हमीद ईरानी को पराजित कर 1 लाख 51 हजार रुपये की माली पर कब्जा जमाया। वहीं तीसरे मुकाबले में डोडा के नदीम पहलवान ने परमिंदर पट्टी को हराकर एक लाख रुपये की माली अपने नाम की।
दंगल कमेटी के प्रधान विपिन गुप्ता ने बताया दंगल को ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के नाम समर्पित किया गया है। बड़ी संख्या में दर्शक दूर-दराज से इस पारंपरिक खेल को देखने पहुंचे। जैसे ही कोई पहलवान अपने प्रतिद्वंद्वी को चित करता, पूरा मैदान तालियों और सीटियों से गूंज उठता था।
इस अवसर पर विपिन गुप्ता, विधायक मोहन लाल भगत, महामंडलेश्वर रामेश्वर दास, सीमा सुरक्षा बल 195 बटालियन के कमांडेंट आरके चौधरी, पूर्व विधायक राजीव शर्मा, एसडीपीओ वरिंदर गुप्ता, ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष सुदेश मंगोत्रा, स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष धर्मपाल गुप्ता, पूर्व पार्षद कर्ण सिंह, दयाल शर्मा, शिव शर्मा, बल्लू टकाइया, बब्बू मंगोत्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।