अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर घुसपैठ की दो कोशिशों को बीएसएफ ने नाकाम करते हुए एक महिला घुसपैठिया को मार गिराया। दूसरा पकड़ा गया है जिससे बीएसएफ पूछताछ कर रही है।
जम्मू जिले के खौड़ इलाके के परगवाल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित भारतीय चक्क फकवाड़ी पोस्ट के पास फेंसिंग के दूसरी तरफ वीरवार की रात करीब 8 बजे बीएसएफ के जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी।
संदिग्ध ने अपना सिर और मुंह ढंका हुआ था। जवानों ने उसे कई बार रुकने के लिए कहा, लेकिन वह भारतीय क्षेत्र की तरफ बढ़ता रहा। ऐसे में जवानों ने फायर कर दिया। गोली लगते ही संदिग्ध वहीं ढेर हो गया। अंधेरा होने के कारण उसका शव नहीं उठाया जा सका।
शुक्रवार की सुबह 10 बजे जब बीएसएफ के जवान संदिग्ध का शव उठाने पहुंचे तो पता चला कि वह एक महिला है। मारी गई महिला की शिनाख्त रशीदा बीबी पत्नी रशीद गांव ओल्ड देवरा, जिला सियालकोट (पाकिस्तान) के रूप में हुई है। उसके पास से कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि पाक रेंजरों से बातचीत कर महिला का शव सौंप दिया गया है।