पाकिस्तान की गोलाबारी से एलओसी और बार्डर के गांवों की 5 लाख आबादी पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। एलओसी और बार्डर पर पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के उल्लंघन की घटनाएं बढ़ने के आसार हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि एलओसी पर भारतीय सेना के मुंहतोड़ जवाब के बाद पाकिस्तानी सेना बार्डर के गांवों को भी निशाना बना सकती है। इस बाबत सेना ने बार्डर के ग्रामीणों को सचेत कर दिया है। पाकिस्तान और पीओके में गेहूं की फसल कट चुकी है। पाकिस्तान ने पीओके के कई गांवों को खाली कराया है। पाक द्वारा इन तैयारियों से गोलाबारी की आशंका बढ़ गई है।
रिटायर्ड डीजीपी एमएम खजूरिया के अनुसार कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान का चेहरा बेनकाब हो रहा है। अब फेस सेविंग रणनीति के तहत पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे को नए सिरे से दुनिया के सामने लाना चाहता है। इस कारण एलओसी के राजोरी, पुंछ और नौशेरा में लगातार गोलाबारी की गई। अब इसे बार्डर के गांवों में भी दोहराया जा सकता है। भारत की सेना की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से सीमा पर तनाव को प्रचारित करने का प्रोपेगंडा चलेगा। सीजफायर का उल्लंघन सोची-समझी रणनीति के तहत हो रहा है।