जम्मू कश्मीर के कठुआ में पशु हत्या मामले से बने सांप्रदायिक तनाव के बाद प्रशासन ने जिले भर में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे सभी टेलीकॉम कंपनियों की इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।
हालांकि दोपहर तीन बजे तक कुछ मोबाइल कंपनियों की इंटरनेट सर्विस जारी रही, लेकिन इसके बाद इनकी सेवाएं भी पूरी तरह से बंद हो गईं।प्रशासन ने बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवाओं को इंटरनेट प्रतिबंध से बाहर रखा है।
जिला उपायुक्त रमेश कुमार ने बताया कि तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मोबाइल इंटरनेट पर मंगलवार दोपहर बारह बजे से प्रतिबंध लगा दिया है। बुधवार दोपहर बारह बजे तक स्थिति को देखते हुए इसे बहाल किया जाए या नहीं, इस पर फैसला लिया जाएगा। एसडीएम हीरानगर द्वारा लगाई गई धारा 144 को मंगलवार को जारी रखा गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।