सेना की 16 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह ने कहा है कि पाक सेना और नियंत्रण रेखा के उस पार कुछ ऐसे तत्व हैं जो नियंत्रण रेखा पर शांति नहीं होने देना चाहते। इनके कारण ही आए दिन गोलाबारी हो रही है।
लेफ्टिनेंट जनरल सोमवार को पुंछ जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जानने पहुंचे थे, जो गोलाबारी का निशाना बने हैं। लेफ्टिनेंट जरनल ने कहा कि भारतीय सेना घुसपैठ की कोशिशों को लगातार नाकाम कर रही है। कई घुसपैठियों को ढेर भी किया गया है। ऐसे में पाक सेना बौखलाकर गोलाबारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि पीओके में बड़ी संख्या में आतंकी घुसपैठ के लिए मौजूद हैं। हमारे पास इनपुट हैं कि पूरी एलओसी के उस पार कई ग्रुप मौजूद हैं। रिहायशी इलाकों को निशाना बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना उनकी हर कोशिश नाकाम करेगी।
ईद के दिन पुंछ जिले में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने पर उन्होंने कहा कि सब जानते है कि ईद से दो दिन पहले 16 जुलाई को कीरनी क्षेत्र में तैनात पाक सेना की मुजाहिद रेजीमेंट कुछ आतंकियों को घुसपैठ कराने में सहायता कर रही थी।
हमारे जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। इसका बदला लेने के लिए ही पाक सेना ने ईद की नमाज के बाद भारतीय चौकियों और ग्रामीण क्षेत्रों में गोले दागे थे।