इंडो पाक बॉर्डर पर बीएसएफ ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था
- फोटो : फाइल फोटो
पीओके में सर्जिकल ऑपरेशन के बाद रियासत में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पाकिस्तान की ओर से गांवों को निशाना बनाए जाने की आशंका में जम्मू, कठुआ, सांबा, पुंछ तथा राजोरी के सीमावर्ती इलाकों में बार्डर से सटे इलाकों को खाली करने के आदेश दिए गए हैं। कुछ इलाकों में लोगों को सतर्क कर दिया गया है।
यहां से बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तैयारी है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्लान बी भी तैयार कर लिया है। इसके तहत शिविर चिह्नित कर लिए गए हैं। पुंछ में आर्मी के दो स्कूलों को बंद कर दिया गया है। कश्मीर में एलओसी पर सीमांत गांवों में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है।
जम्मू के अखनूर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गरखल, जाजियल, सिधारवान, रखकरून आदि गांवों को खाली करने के आदेश दिए गए हैं। सभी लंबरदार, चौकीदार, सरपंच तथा पंच को गांव खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। आरएस पुरा सेक्टर में भी सीमांत गांवों को खाली कराने के आदेश दिए गए हैं।