घाटी के चिनार कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ ने कहा है कि सेना हर स्थिति से निबटने को तैयार है। सीमा पार से होने वाले हर गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। घुसपैठ किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी चाहे वह नियमित हो या फिर तात्कालिक। उन्होंने कहा कि घाटी में रायफल स्नेचिंग की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय है।
उत्तरी कश्मीर के उड़ी इलाके के बोनियार में चिनार 9 जवान क्लब का मंगलवार को उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में सीमा पार से घुसपैठ करने वालों में हताशा देखने को मिली है क्योंकि घुसपैठ के प्रयासों को सतर्क जवानों ने नाकाम कर दिया है। कई आतंकी मार गिराए गए हैं। एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं बढ़ने पर कहा कि प्रत्येक वर्ष गर्मी में घुसपैठ की घटनाएं बढ़ती हैं।